Article

PM मोदी ने कहा- सऊदी सशस्त्र बलों की जरूरतें पूरी करने में भारत सक्षम

 22 Apr 2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब की दो दिवसीय महत्वपूर्ण यात्रा पर रवाना हो गए हैं। यात्रा से पहले उन्होंने भारत-सऊदी संबंधों पर जोर देते हुए कहा कि दोनों देश क्षेत्र में स्थिरता और सकारात्मकता की ताकत हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि रक्षा और सुरक्षा जैसे अहम क्षेत्रों में बढ़ता सहयोग दोनों देशों के बीच गहरे आपसी विश्वास का प्रतीक है। 



पीएम मोदी ने कहा, “हम सऊदी अरब को क्षेत्रीय स्थिरता और सकारात्मकता की ताकत मानते हैं। समुद्री पड़ोसी होने के नाते दोनों देश शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समान रुचि रखते हैं। हमने आतंकवाद-निरोध, आतंकी वित्तपोषण रोकने, मादक पदार्थों की तस्करी जैसे क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण प्रगति की है। साथ ही साइबर सुरक्षा में सहयोग के नए क्षेत्र तलाशे जा रहे हैं।” प्रधानमंत्री ने बताया कि दोनों देशों की थल सेनाओं के बीच पहला संयुक्त सैन्य अभ्यास आयोजित किया गया था, जिसे 2021 और 2023 में हुए संयुक्त नौसैनिक अभ्यास 'अल-मोहद अल-हिंदी' ने मजबूत किया।


पीएम मोदी ने सऊदी अरब की सैन्य जरूरतों में भारत की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा, “हम सिर्फ अपनी जरूरतें नहीं पूरी कर रहे, बल्कि 100 से अधिक देशों को रक्षा उपकरण निर्यात कर रहे हैं। हमारे पास ड्रोन, हल्के हेलीकॉप्टर, लड़ाकू जेट, पनडुब्बियाँ और यहाँ तक कि विमानवाहक पोत बनाने की क्षमता है। हम सऊदी सशस्त्र बलों की कुछ आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम हैं।” उन्होंने सऊदी निवेशकों को भारत में रक्षा क्षेत्र में निवेश के लिए आमंत्रित किया, जो अब निजी निवेश के लिए भी खुला है। पीएम मोदी ने ऊर्जा को भारत-सऊदी आर्थिक संबंधों का 'मजबूत स्तंभ' बताते हुए कहा, “सऊदी अरब हमारे लिए एक विश्वसनीय ऊर्जा साझेदार रहा है। जैसे-जैसे भारत एक विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है, हमारी ऊर्जा मांग भी बढ़ेगी। ऐसे में रिफाइनरियों और पेट्रोकेमिकल्स में संयुक्त परियोजनाओं की संभावना तलाशना स्वाभाविक है।”


प्रधानमंत्री मोदी ने हज और उमराह के दौरान भारतीय तीर्थयात्रियों को दी जाने वाली सहायता के लिए सऊदी सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि अरब देश में योग और क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ना भारत-सऊदी संबंधों में संस्कृति के स्तर पर भी निकटता को दर्शाता है।पीएम मोदी ने सऊदी अरब में बसे भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए कहा, “हम आभारी हैं कि सऊदी नेतृत्व ने कोविड महामारी जैसे कठिन समय में भी हमारे नागरिकों का ध्यान रखा। भारतीय समुदाय कानून का पालन करने वाला, समर्पित और सहानुभूतिपूर्ण है। वे जहाँ भी जाते हैं, सम्मान अर्जित करते हैं।” प्रधानमंत्री ने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय प्रवासियों को 'सऊदी परिवार का हिस्सा' कहा है, जो हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।