Article

"बार-बार हार से हताश राहुल गांधी कर रहे हैं भारत की बदनामी": फडणवीस का हमला

 21 Apr 2025

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर उनके अमेरिका के बोस्टन दौरे के दौरान दिए गए बयानों को लेकर कड़ा प्रहार किया। फडणवीस ने आरोप लगाया कि गांधी बार-बार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर देश की लोकतांत्रिक छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं।


मीडिया से बातचीत में फडणवीस ने कहा, "यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत के संविधान द्वारा गठित संस्थाओं के बारे में गलत बयानबाज़ी करते हैं और देश की छवि को धूमिल करने की कोशिश करते हैं। बार-बार चुनावी हार से उपजी हताशा ही उनके इस व्यवहार का कारण प्रतीत होती है। फडणवीस ने कहा, " उन्होंने आगे कहा कि गांधी को आलोचना के बजाय जनता के बीच जाकर उनका विश्वास जीतने की कोशिश करनी चाहिए। "इस तरह की निराधार टिप्पणियों से चुनाव नहीं जीते जा सकते। किसी संस्था को बदनाम कर राजनीतिक लाभ हासिल करने की कोशिश उनके चरित्र पर सवाल खड़े करती है।

राहुल गांधी के इस बयान पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जब जीत मिलती है, तब चुनाव आयोग ठीक लगता है, लेकिन हार मिलने पर संस्थाओं पर सवाल उठाए जाते हैं।  मौर्य ने कहा, “कांग्रेस नेताओं को देश की संवैधानिक संस्थाओं पर बेतुके और गैर-जिम्मेदाराना बयान देना बंद करना चाहिए। यह उनकी पुरानी आदत बन चुकी है कि जब जनादेश उनके पक्ष में नहीं आता, तो वे देश की व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं।

दरअसल, राहुल गांधी ने हाल ही में बोस्टन में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए भारत के चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया कि भारत की चुनावी प्रणाली में "बुनियादी खामी" है। उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि महज दो घंटे में 65 लाख मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ा गया, जो "शारीरिक रूप से असंभव" है। गांधी ने कहा, "महाराष्ट्र में कुल आबादी से ज़्यादा लोगों ने मतदान किया। शाम 5:30 बजे हमें एक आंकड़ा मिला, और मात्र दो घंटे में यह आंकड़ा 65 लाख मतदाताओं के मतदान तक पहुंच गया। यह तथ्यात्मक रूप से असंभव है।"