
Article
भारत को मिली बड़ी राहत, ट्रंप ने 75 देशों से हटाया टैरिफ, चीन पर बरसे 125% शुल्क
10 Apr 2025

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार देर रात एक बड़ा फैसला लेते हुए भारत समेत 75 देशों को टैरिफ बढ़ोतरी से अस्थायी राहत दे दी है। अमेरिका की नई नीति के तहत इन देशों पर अगले 90 दिनों तक बढ़े हुए आयात शुल्क लागू नहीं होंगे। हालांकि, चीन को इस राहत से बाहर रखा गया है। ट्रंप प्रशासन ने चीन पर अब 125% तक का टैरिफ लागू कर दिया है, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापार युद्ध और तेज़ हो गया है।
भारत को मिली यह राहत कूटनीतिक दृष्टि से एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत ने अमेरिका के खिलाफ जवाबी टैरिफ न लगाकर बातचीत का रास्ता खुला रखा, जिसका प्रतिफल अब नजर आ रहा है। राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत को इस सूची में शामिल करते हुए टैरिफ में छूट दी है, जिससे भारतीय उद्योगों को तत्काल राहत मिलने की उम्मीद है।
चीन के प्रति ट्रंप का सख्त रुख
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, “चीन वैश्विक बाज़ारों के प्रति असम्मानजनक रवैया अपना रहा है, इसलिए अमेरिका ने उस पर 125% का टैरिफ लगाने का फैसला किया है। चीन को अब यह समझना होगा कि अमेरिका और अन्य देश उसका शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव अपने चरम पर है। अमेरिका 2024 में चीन से करीब 438.9 अरब डॉलर का सामान आयात कर चुका है, जबकि निर्यात मात्र 143.5 अरब डॉलर रहा। इस असंतुलन को लेकर अमेरिका लंबे समय से नाराज़ है।
टैरिफ युद्ध का असर वैश्विक शेयर बाजारों पर भी देखा जा रहा है। अमेरिका का S&P 500 इंडेक्स अपने उच्चतम स्तर से लगभग 20% नीचे आ चुका है, जो मंदी का संकेत देता है। दक्षिण कोरिया का KOSPI इंडेक्स भी गिरावट में है, जबकि शंघाई और हांगकांग के बाज़ारों में भी उथल-पुथल देखी गई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि दुनिया के कई नेता अमेरिका के साथ समझौते को लेकर बेचैन हैं। उन्होंने कहा, “दुनियाभर के देश मुझसे संपर्क कर रहे हैं, टैरिफ पर समझौता करने के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं। ये मेरे सामने नाक रगड़ रहे हैं।”