Article

बिहार चुनाव की तैयारी में जुटे राहुल गांधी, पदयात्रा में कन्हैया के साथ दिखाई मजबूती

 07 Apr 2025

बिहार में साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं और कांग्रेस पार्टी ने इसकी तैयारी अभी से शुरू कर दी है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी पिछले चार महीनों में तीसरी बार बिहार दौरे पर पहुंचे हैं।


7 अप्रैल को राहुल गांधी ने बेगूसराय में चल रही कन्हैया कुमार की 'पलायन रोको, नौकरी दो' पदयात्रा में हिस्सा लिया। उनके इस दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। पदयात्रा की शुरुआत सुभाष चौक से हुई, जहां राहुल गांधी ने कन्हैया कुमार के साथ करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर जनता से संवाद किया। इस दौरान राहुल गांधी ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। यात्रा के बाद वह बेगूसराय से पटना रवाना हो गए, जहां श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित संविधान सुरक्षा सम्मेलन में भाग लिया।

सदाकत आश्रम में कांग्रेस नेताओं से बैठक

पटना पहुंचने के बाद राहुल गांधी बिहार कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय, सदाकत आश्रम भी गए। यहां उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और हाल ही में नियुक्त किए गए जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की। यह बैठक बिहार में हालिया संगठनात्मक बदलावों के बाद राहुल गांधी का पहला दौरा था, जिसे आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति से जोड़ा जा रहा है। 

गौरतलब है कि इस साल यह राहुल गांधी का तीसरा बिहार दौरा है। इससे पहले वह 18 जनवरी को पटना आए थे और संविधान सुरक्षा सम्मेलन में शामिल हुए थे। फरवरी में उन्होंने जगलाल चौधरी जयंती के मौके पर श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित समारोह में भी शिरकत की थी।