Article

संजय राउत ने कहा- सीट शेयरिंग में सबको थोड़ा बहुत त्याग करना पड़ता है!

 21 Oct 2024

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए अब ज्यादा समय नहीं बचा हुआ है। सभी राजनीतिक पार्टियां तैयारी में लगी हुई है। भाजपा ने तो 99 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट भी जारी कर दी है। वहीं दूसरी और विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी(एमवीए) में सीट बटवारें को लेकर खींचातानी मची हुई है। शिवसेना(यूबीटी) के नेता संजय राउत ने सीट बंटवारे को लेकर कहा कि सीट शेयरिंग में सबको थोड़ा बहुत त्याग करना पड़ता है, दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान से बात चल रही है। जिसके बाद फैसला किया जाएगा।


कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी हम उन्हें क्या मार्गदर्शक दें- संजय राउत

सोमवार को मुंबई में सीट शेयरिंग को लेकर पत्रकारों से बात करते हुए संजय राउत ने कहा, “कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है। यह बीजेपी से भी बड़ी पार्टी है। दुनिया में कई पार्टियां कांग्रेस के नाम से हैं। हम बड़ी पार्टी के साथ क्या बात करें? उनका आलाकमान दिल्ली में है, उनकी बातचीत हो रही है। महाराष्ट्र के सभी नेता हमारे मित्र हैं। हम एक अंतरराष्ट्रीय पार्टी के साथ क्या बात कर सकते हैं? मैं उन्हें (कांग्रेस) क्या मार्गदर्शन दे सकता हूं? उनके पास बहुत से मार्गदर्शक हैं। उद्धव ठाकरे जी या मैं उनका मार्गदर्शन करूं यह भी उचित नहीं है। हम महाराष्ट्र के हित में जमीन पर काम करते हैं। हम राष्ट्रहित को सबसे महत्वपूर्ण मानते हैं।” इसके अलावा बीजेपी पर बोलते हुए संजय राउत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भी एक अंतरराष्ट्रीय पार्टी है, इसलिए उनके साथ हमारी कभी ज्यादा बनी नहीं।\


महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं के बयानों पर बोलते हुए शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि हम सब सालों से राजनीति में हैं, हर पार्टी को लगता है कि उनके कार्यकर्ताओं को उम्मीदवार बनाया जाना चाहिए। लेकिन ये गठबंधन है अपनी भूमिका रखना सबका अधिकार है, लेकिन जब सीट बंटवारे की बात आती है, तो सभी को कुछ न कुछ त्याग करना पड़ता है और एक कदम पीछे हटना पड़ता है।


सोमवार रात या मंगलवार सुबह तक जारी करेंगे पहली लिस्ट- कांग्रेस

दूसरी ओर, महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा पूरी हो चुकी है। बस अब 15-16 सीटों पर चर्चा होना बाकी है। इन 15 सीटों पर भी केवल 7 से 8 सीट का मामला अहम है  जिसे जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने कहा, “हम मुद्दों को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझा लेंगे और पूरा गठबंधन एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा।” रविवार को हमने हाईकमान के साथ मुद्दों पर चर्चा की। हम आज रात(सोमवार) या कल सुबह(मंगलवार) को अपनी पहली सूची जारी करेंगे। हम महाविकास अघाड़ी के रूप में चुनाव लड़ने जा रहे हैं। चूंकि तीन पार्टियां 288 सीटें साझा कर रही हैं, इसलिए इसमें थोड़ा समय लगा। महा विकास अघाड़ी के लिए सभी 288 सीटों पर अंतिम निर्णय मंगलवार शाम तक किया जाएगा।