Article

झारखंड: एनडीए में सीट बंटवारे का ऐलान, भाजपा 68 आजसू 10 जेडीयू 2 और एलजेपी 1 सीट पर लड़ेगी चुनाव

 18 Oct 2024

झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए के बीच सीट बंटवारे को लेकर सहमति बन गई है। शुक्रवार को फाइनल सीट बंटवारे का ऐलान किया गया। 81 विधानसभा सीट वाले राज्य में भारतीय जनता पार्टी सबसे ज्यादा 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके बाद ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन(आजसू) को 10 सीट दी गई हैं। वहीं नीतीश कुमार की जेडीयू को दो और चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी(रामविलास) एक सीट पर चुनाव लड़ेगी।


झारखंड में चुनाव जीतने के लिए भाजपा पूरी ताकत लगा रही है। इसके लिए पार्टी ने बेहद अनुभवी और मध्यप्रदेश के लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा को राज्य में कमल खिलाने की जिम्मेदारी दे रखी है। शुक्रवार को सीट बंटवारे को लेकर हिमंत बिस्वा शर्मा ने कहा कि अभी तक यह तय किया गया है कि आजसू 10, जेडीयू 2, एलजेपी(रामविलास) 1 सीट पर चुनाव लड़ेगी। बाकी बची सीटों पर भाजपा चुनाव लड़ेगी। शर्मा ने यह बताया कि यह चुनाव मोदी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। आजसू जिन 10 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इनमें सिल्ली, रामगढ़, गोमिया, ईचागढ़, मांडू, जुगसलाई, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा और मनोहरपुर शामिल है। जबकि जेडीयू जमशेदपुर पश्चिम और तमाड़ से चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा चतरा सीट एलजेपी(रामविलास) को दी गई है।

भाजपा बना रही घुसपैठ और डेमोग्राफिक चेंज को मुद्दा

भाजपा विधानसभा चुनाव में आदिवासी इलाकों में कथित रूप से हो रही घुसपैठ और डेमोग्राफिक चेंज को मुद्दा बना रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपनी चुनावी जनसभाओं में कह चुके हैं कि झारखंड में आए घुसपैठिए नौकरियां और जमीन हड़पने के लिए आदिवासी महिलाओं से शादी कर रहे हैं। झारखंड के गोड्डा से बीजेपी के सांसद निशिकांत दुबे भी इस मामले को लेकर काफी मुखर हैं। बीजेपी आदिवासियों को अपने पक्ष में लाने के लिए इस बात का प्रचार कर रही है कि आदिवासी बहुल इलाके संथाल परगना में मुस्लिम घुसपैठ के कारण उनकी जान को खतरा है और झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार घुसपैठियों को बढ़ावा दे रही है।

झारखंड में दो फेज में होगा चुनाव

झारखंड में 13 नवंबर को पहले चरण का मतदान होना है। इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। पहले चरण के लिए 25 अक्टूबर तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 28 अक्टूबर को पर्चे की स्क्रूटनी की जाएगी। 30 अक्टूबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकते हैं। वहीं, दूसरे चरण के लिए 20 नवंबर को मतदान होना है। इसके लिए 22 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन की आखिरी तारीख 29 अक्टूबर होगी। इसके लिए 30 अक्टूबर को पर्चे की स्क्रूटनी की जाएगी। 1 नवंबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकते हैं। जबकि 23 नवंबर को मतगणना होगी।