Article

महाराष्ट्र: एमवीए में 260 सीटों पर सहमति 28 पर उलझा मामला, पार्टी हाईकमान लेंगे फैसला

 18 Oct 2024

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर महाविकास अघाड़ी के बीच सीट बंटवारे को लेकर सहमति बन गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुवार को हुई बैठक में लगभग 260 सीटों पर सहमति बन गई। जबकि मुंबई की तीन सीट समेत 28 सीटों पर अभी भी मामला उलझा हुआ है। एमवीए के एक सूत्र ने बताया कि जिन 28 सीटों पर अभी सहमति नहीं बन सकी है, वो मुंबई और विदर्भ क्षेत्र की है। विदर्भ क्षेत्र की ज्यादातर सीटों पर कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) ने दावा किया है। मुंबई की जिन तीन सीटों पर विवाद है, उनमें वर्सोवा, बायकुला और धारावी शामिल है।


सीट बंटवारे को लेकर एनसीपी(एसपी) नेता अनिल देशमुख ने बताया कि महा विकास अघाड़ी के सभी दलों की बैठक हुई। 9 घंटे की बैठक में करीब 90 फीसदी सीटों पर आम सहमति बन गई है। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि हमारी सकारात्मक बैठक हुई है। महाराष्ट्र की 288 सीटों में से करीब सभी सीटों पर चर्चा हो चुकी है। कुछ 20 से 25 जगह ऐसी हैं, जिन पर पार्टी के हाईकमान फैसला लेंगे, जिस पर अब तक आम सहमति नहीं बन पाई है। नाना पटोले ने आगे यह भी बताया कि शुक्रवार को महाविकास अघाड़ी के घटक दल चुनाव आयोग के पास जाएंगे और शिकायत दर्ज कराएंगे, क्योंकि ऐसी जानकारी सामने आई है कि चुनाव आयोग चुनाव को लेकर कुछ गड़बड़ी कर रहा है।

चुनाव आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार सभी उम्मीदवारों को 29 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल करना है। ऐसे में महा विकास अघाड़ी के नेता जल्द से जल्द सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाना चाहते हैं और यह संदेश देना चाहते हैं कि गठबंधन के दलों में कोई विवाद नहीं है और तीनों ही पार्टियां एकजुट हैं। इस बीच विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने बताया कि कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली लिस्ट 20 अक्टूबर को आएगी। अब तक 84 सीटों पर स्क्रीनिंग पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी और उसी दिन पहली लिस्ट जारी होगी।

2024 के लोकसभा चुनाव में 13 सीट जीतकर कांग्रेस महाराष्ट्र में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। इसको देखते हुए महा विकास अघाड़ी में कांग्रेस सबसे अधिक सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। उसके बाद एनसीपी (एसपी) और शिवसेना(उद्धव) को सीटें दी जाएंगी। इसके अलावा कुछ सीटों पर समाजवादी पार्टी समेत इंडिया गठबंधन की अन्य पार्टियां चुनाव लड़ सकती हैं। यहां तक की समाजवादी पार्टी ने 12 सीटों की मांग की है। महाराष्ट्र प्रदेश सपा प्रमुख अबू आजमी ने कहा कि मुंबई की चार सीट बायकुला, मानखुर्द, शिवाजी नगर और वर्सोवा समेत 12 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहते हैं।