Article

बहराइच में दूसरे दिन भी स्थिति तनावपूर्ण, विपक्ष ने प्रशासनिक चूक को ज़िम्मेदार ठहराया

 14 Oct 2024

बहराइच में लगातार दूसरे दिन स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस-प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद हिंसा ग्रामीण क्षेत्रों में भी फैल गयी है। अफवाहें रोकने के लिए इंटरनेट पर पाबंदी लगा दी गयी है। सोमवार को उपद्रवियों ने एक शोरूम और अस्पताल में तोड़फोड़ और आगजनी की। कई घर भी जला दिए। देर रात हरदी थाना प्रभारी और महसी चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपद्रवियों के साथ सख्ती से पेश आने का ऐलान किया है। अखिलेश यादव ने घटना के पीछे प्रशासनिक चूक को ज़िम्मेदार ठहराया है  वहीं प्रियंका गाँधी समेत कई राजनेताओं ने जनता से कानून व्यवस्था अपने हाथ में न लेने की अपील की है। अब तक तीस लोग गिरफ्तार किये जा चुके हैं। साथ ही दो पुलिस अधिकारी निलंबित किये गये हैं।

घटना 13 अक्टूबर की है दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का एक जुलूस एक इलाके से गुजर रहा था। एक मकान पर लगे झंडे को उतारकर भगवा झंडा फहराया गया। उस स्थल की छत पर लगी रेलिंग को गिरा दिया गया। पत्रकारों ने उस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। भगवा झंडा लहराये जाने के बाद दोनों गुट आपस में भिड़ गये। बहराइच की पुलिस अधीक्षक (एसपी) वृंदा शुक्ला ने कहा, "गोली लगने से हिंदू समुदाय के एक व्यक्ति (गोपाल मिश्रा) की मौत हो गई और उसके बाद तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।"

कल की घटना के दौरान मारे गये गोपाल मिश्रा के शव के साथ महसी उपमंडल कार्यालय में प्रदर्शन किया गया। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक जहां स्थानीय लोग भी हाथों में लाठियां लेकर इकट्ठा हो गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। इलाके में एक बाइक शोरूम में भी तोड़फोड़ की गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बहराइच की पुलिस अधीक्षक (एसपी) वृंदा शुक्ला अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर मौजूद थीं। इस बीच, शुक्ला ने लापरवाही के आरोप में दो पुलिस अधिकारियों को भी निलंबित कर दिया। एनआई से बात करते हुए शुक्ला ने कहा, "हम पूरी स्थिति पर नियंत्रण हासिल कर रहे हैं। हमने अपनी पूरी ताकत लगा दी है। हम उन सभी उपद्रवियों को तितर-बितर करने की कोशिश कर रहे हैं जो परेशानी पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। स्थिति नियंत्रण में है...।" .

बहराइच की घटना पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, 'मेरी अपील है कि कानून व्यवस्था बनी रहे। घटना दुखद है। सरकार को न्याय करना चाहिए। जिस समय ये जुलूस निकला उस समय पुलिस को इस बात का ध्यान रखना चाहिए था कि रूट पर सुरक्षा है या नहीं, पर्याप्त पुलिस की तैनाती है या नहीं। लाउडस्पीकर पर क्या बजाया जा रहा था? प्रशासन को इसका ध्यान रखना चाहिए था। शासन की चूक की वजह से ये घटना हुई'।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने एक्स पर जनता से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बहराइच, उत्तर प्रदेश में हो रही हिंसा और प्रशासन के निष्क्रिय होने की खबरें अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण हैं। मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री जी एवं राज्य प्रशासन से अपील करती हूं कि त्वरित एक्शन लेते हुए, जनता को विश्वास में लें और हिंसा रोकें। दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो। जनता से मेरी करबद्ध अपील है कि कृपया कानून अपने हाथ में न लें और शांति बनाए रखें।