Article
राहुल गाँधी के खिलाफ विवादित बयान को लेकर कांग्रेस का देशभर में प्रदर्शन
18 Sep 2024
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भाजपा और उनके सहयोगी दल के नेताओं द्वारा हो रही विवादित टिप्पणी को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने देशभर में विरोध प्रदर्शन किए। दिल्ली में कांग्रेस नेता अजय माकन ने तुगलक रोड स्थित पुलिस स्टेशन में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़, यूपी सरकार में मंत्री रघुवीर सिंह और दिल्ली बीजेपी के नेता तरविंदर सिंह मारवाह के खिलाफ शिकायत की। इसके अलावा दिल्ली की कांग्रेस इकाई ने बीजेपी मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव को हिरासत में ले लिया।
पीएम द्वारा करवाई न करना सबसे खतरनाक
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी राहुल गांधी के खिलाफ चल रही विवादित बयानबाजी पर पीएम मोदी और बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने एक्स पर कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी जैसे-जैसे मजबूती से जनता की आवाज उठा रहे हैं, वैसे-वैसे उनके खिलाफ जुबानी और वैचारिक हिंसा बढ़ रही है। प्रियंका ने सवाल किया की देश के करोड़ों दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और गरीबों की आवाज उठाना इतना बड़ा अपराध है कि भाजपा, नेता प्रतिपक्ष को "उनकी दादी जैसा हाल" बना देने की धमकियां देने लगी?
प्रियंका ने कहा, “लगातार एक के बाद एक हिंसक, अभद्र और अमानवीय बयानों से यह साबित होता है कि यह एक संगठित-सुनियोजित अभियान है जो देश के लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है। उससे भी ज्यादा खतरनाक है प्रधानमंत्री, गृह मंत्री समेत समूचे आरएसएस-बीजेपी नेतृत्व का इसे शह देना और कोई कार्रवाई न करना।
बिट्टू को करें केंद्रीय मंत्रिमंडल से बर्खास्त
राजधानी दिल्ली के अलावा देश के कई राज्यों में भी राहुल गांधी के खिलाफ हो रही विवादित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किए। बीजेपी और उनके सहयोगी दलों के नेताओं द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ बिहार प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस ने पटना में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जननायक राहुल गांधी जी पर की गई ऐसी टिप्पणी माफी लायक नहीं हैं। हम दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं। हमारी मांग है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रवनीत बिट्टू को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें।
कांग्रेस की आंध्र प्रदेश इकाई की अध्यक्ष वाई.एस. शर्मिला और पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विजयवाड़ा में शिवसेना (शिंदे) विधायक संजय गायकवाड़, बीजेपी नेता तरविंदर सिंह मारवाह, रघुराज सिंह और केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू द्वारा विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर दिए गए आपत्तिजनक बयान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
असम में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी और उसके सहयोगी दल के नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्रीय मंत्री बिट्टू और अन्य नेताओं को राहुल गांधी के खिलाफ की गई टिप्पणी के लिए पूरे देश से माफ़ी मांगनी चाहिए।
कांग्रेस की कर्नाटक इकाई और तेलंगाना इकाई ने भी केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़, यूपी सरकार में मंत्री रघुवीर सिंह और दिल्ली बीजेपी के नेता तरविंदर सिंह मारवाह के खिलाफ प्रदर्शन किया।