Article

हरियाणा में अनिल विज का सीएम पद पर दावा, कांग्रेस ने कहा- विधायक आएंगे चार, दावेदार चालीस!

 16 Sep 2024

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होना है। इसको लेकर सभी राजनीतिक पार्टी तैयारी में जुटी हुई है। इस बीच राज्य के पूर्व गृह मंत्री और अंबाला कैंट से भाजपा के उम्मीदवार अनिल विज ने मुख्यमंत्री पद के लिए दावा ठोका है। जो भाजपा के लिए चिंता का विषय बन गया है। मुख्यमंत्री पद पर दावेदारी पेश करते हुए अनिल विज ने रविवार को कहा, “मैं हरियाणा में जहां-जहां गया, लोग कह रहे हैं कि आप सीनियर हो, सीएम क्यों नहीं बने? मैं उन लोगों की मांग पर अपनी सीनियरिटी के दम पर मुख्यमंत्री बनने का दावा पेश करूंगा। पार्टी बनाती है या नहीं, यह उनका फैसला है।


विज ने कहा कि आज तक मैंने पार्टी से कोई पद नहीं मांगा, लेकिन अब मुख्यमंत्री पद के लिए दावा पेश कर रहा हूँ। अगर पार्टी ने मुझे हरियाणा का मुख्यमंत्री बना दिया तो में राज्य की तकदीर और तस्वीर बदल दूंगा। गौरतलब है, इस साल हुए लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने मनोहर लाल खट्टर को हटाकर नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बना दिया था। इस कारण अनिल विज सैनी से नाराज हो गए थे। यहां तक विज की नाराजगी कई मीटिंगों में खुलकर सामने भी आई थी।

इस मामले पर केंद्रीय मंत्री और हरियाणा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अनिल विज ने मुख्यमंत्री पद का दावा कार्यकर्ता के नाते किया होगा। लेकिन सीएम का चेहरा नायब सिंह सैनी ही हैं। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन बड़ौली ने कहा कि दावा करना नेता का काम है, लेकिन संगठन का फैसला यही है कि नयाब सिंह सैनी ही मुख्यमंत्री होंगे।


विधायक आएंगे चार, दावेदार चालीस- कांग्रेस

दूसरी ओर, कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि धर्मेंद्र प्रधान कह रहे हैं कि नायब सिंह सैनी सीएम चेहरा हैं, लेकिन अंबाला में अनिल विज कह रह हैं कि वह दावेदार हैं, राव इंद्रजीत सिंह भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं वहीं रामबिलास को तो बोलने लायक ही नहीं छोड़ा। कांग्रेस ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, “विधायक आएंगे चार, दावेदार हैं चालीस गजब है।”


छह बार बन चुके हैं विधायक

छह बार बन चुके हैं विधायक अनिल विज हरियाणा भाजपा के सीनियर नेताओं में से एक हैं। वह अंबाला कैंट से नौवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले वह अंबाला कैंट से ही आठ बार चुनाव लड़ चुके हैं और छह बार विधायक बन चुके हैं। साल 2014 में जब भाजपा ने पहली बार अपने दम पर हरियाणा की 90 में से 47 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया था। उस समय अनिल विज सीएम बनने की दौड़ में थे। 

उस दौरान यह चर्चा भी रही कि भाजपा किसी जाट की बजाय पंजाबी चेहरे को मुख्यमंत्री बनाएगी। उसके बाद भाजपा ने अचानक पंजाबी बिरादरी से ही आने वाले पहली बार के विधायक मनोहर लाल खट्टर का नाम आगे कर दिया। खट्टर साढ़े नौ साल हरियाणा के सीएम रहे। अनिल विज उनके मंत्रिमंडल में सबसे पावरफुल मिनिस्टर थे।