Article

मणिपुर में हिंसा जारी, ताज़ा हिंसा में पाँच की मौत, राज्य के पहले मुख्यमंत्री के घर पर भी हमला

 07 Sep 2024

मणिपुर में दो समुदायों (कुकी और मैतई) के बीच की हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को मणिपुर के मोइरांग में राज्य के पहले और पूर्व मुख्यमंत्री मैरेमबम कोइरंग सिंह के घर कुछ उग्रवादियों ने हमला किया, इसके अगले दिन यानी शनिवार को फिर से राज्य में उग्रवादियों की वज़ह से हिंसा देखने को मिली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार सुबह जिरीबाम जिले में फायरिंग की दो अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई है। उधर, इंफाल में भीड़ ने मणिपुर राइफल्स हेडक्वार्टर पर भी हमला किया। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में पाँच लोगों के घायल होने की भी खबर है। पिछले सात दिनों में यह हिंसा की चौथी घटना है। 7 सितंबर की घटना को छोड़ दें तो अन्य तीन घटनाओं में 3 लोगों की मौत और 12 लोग घायल हो चुके हैं।


राज्य में तनाव को देखते हुए सभी स्कूलों-कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। कमेटी ऑन मणिपुर इंटीग्रिटी (COCOMI) ने कानून-व्यवस्था लागू करने में सरकार की विफलता के विरोध में काम बंद करने और जनता कर्फ्यू का आह्वान किया है। इंफाल में सुबह से सभी दुकानें बंद हैं। सड़कें और बाजार सुनसान पड़े हैं। गौर करने वाली बात है कि मणिपुर में मई 2023 से हिंसा जारी है। इस साल सितंबर में पहली बार ड्रोन हमला देखने को मिला। इंफाल वेस्ट जिले के कोत्रुक गांव में 1 सितंबर को उग्रवादियों ने पहाड़ी के ऊपरी इलाके से कोत्रुक और कडांगबांड घाटी के निचले इलाकों में फायरिंग की और ड्रोन से हमला किया। इस घटना में 2 लोगों की मौत और 9 लोग घायल हुए थे।


घर में घुस कर बुजुर्ग की हत्या


पुलिस के मुताबिक, जिरीबाम में पहली घटना जिला हेडक्वार्टर से करीब सात किलोमीटर दूर हुई। संदिग्ध पहाड़ी उग्रवादियों ने एक घर में घुसकर बुजुर्ग को सोते समय गोली मार दी। मृतक की पहचान कुलेंद्र सिंघा के रूप में हुई है।घटना के दौरान बुजुर्ग घर में अकेले थे। बुजुर्ग की हत्या के बाद जिरीबाम में कुकी और मैतेई समुदायों के बीच गोलीबारी की घटना फिर से शुरू हो गयी। ख़बर है कि शनिवार सुबह से जिरीबाम के कई इलाकों में लगातार गोलीबारी हो रही है। फिलहाल 5 से ज़्यादा लोगों की मौत होने की ख़बर है, अभी मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है।

दूसरी तरफ, इंफाल वेस्ट और इंफाल ईस्ट में शुक्रवार (6 सितंबर) देर रात भीड़ ने मणिपुर राइफल्स हेडक्वार्टर पर हमला कर दिया। गुस्साई भीड़ सुरक्षाबलों से हथियार छीनना चाहती थी। पुलिस ने सीआरपीएफ जवानों के साथ मिलकर जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने पैलेट गन से कई राउंड फायरिंग की। मॉक बम और आंसू गैस के गोले भी दागे। सुरक्षाबलों और भीड़ के बीच रातभर संघर्ष चला। 5 लोगों के घायल होने की खबर है। अभी तक हथियार या गोला-बारूद लूटे जाने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, दोनों जगहों पर हिंसा में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की बात कही जा रही है।